प्रतापगढ़ | बसंत पंचमी के अवसर पर शहर में दमामी समाज की ओर से माता सरस्वती की शोभायात्रा का आयोजन किया गया। किला परिसर स्थित बाण माता मंदिर से शुरू हुई इस शोभायात्रा में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुषों और युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा बाण माता मंदिर से प्रारंभ होकर सदर बाजार, पिपली चौक, धान मंडी, गोपालगंज सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः किला परिसर पहुंची, जहां इसका विधिवत समापन किया गया। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में माता सरस्वती की सुसज्जित प्रतिमा के साथ भक्ति गीतों और जयकारों की गूंज सुनाई दी। दमामी समाज के सैकड़ों युवक-युवतियां माता सरस्वती के जयकारे लगाते हुए भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए शोभायात्रा में झूमते नजर आए। समाज की ओर से कक्षा 10वीं एवं 12वीं में अच्छे अंकों से उत्तीर्ण विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। दमामी समाज के सदस्य मनीष दमामी ने बताया कि बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में समाज द्वारा प्रतापगढ़ शहर में पहली बार माता सरस्वती की शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा के समापन के बाद समाज की ओर से प्रतिभागियों के लिए स्नेह भोज का आयोजन भी किया गया।


