नुक्कड़ नाटक से दिया बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश

भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़ निदेशालय महिला अधिकारिता के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर के आज्ञानुसार महिला अधिकारिता विभाग प्रतापगढ़ द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत प्रचार-प्रसार हेतु जिले की 130 पंचायतों में नुक्कड़ नाटक का आयोजन नारी कल्याण संस्थान के माध्यम से किया जा रहा है। महिला अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक नेहा माथुर ने बताया ​कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत लिंग समानता, महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा एवं संरक्षण एवं बाल विवाह रोकथाम के संदेश के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है, इसमें बेटी जन्मोत्सव, कन्या वाटिका निर्माण, बेबी किट वितरण, मिशन नवदुर्गा आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आदि करवाए जा रहे है। इसी कड़ी में 21 जनवरी से जिले की चयनित 130 पंचायतों में संस्थान के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन करवाया जा रहा है। नुक्कड़ नाटक का शुभारंभ बमोत्तर पंचायत से कर सिद्धपुरा, बोरी आदि में नाटक का मंचन किया गया। नाटक को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया। नुक्कड़ नाटक में स्थानीय भाषा में लोक कलाकारों द्वारा नृत्य, स्थानीय संगीत एंव कहानियों के माध्यम से बाल विवाह निषेध, बेटा-बेटी को समान अवसर, महिला सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया जा रहा है। इस नुक्कड़ नाटक का मुख्य उद्देश्य जन-जन तक उनकी लोक भाषा में उन्हीं के लोगों द्वारा बेटियों की समानता का संदेश दिया जाना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *