मेले में युवाओं ने खेला जानलेवा खेल, नहीं दिखी पुलिस की सख्ती, ड्रोन सर्विलांस जीरो

भास्कर न्यूज | अमृतसर छेहर्टा में बसंत पंचमी पर लगे मेले के दौरान बच्चों सहित युवकों ने चाइना डोर का इस्तेमाल करते हुए नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाईं। मेले के पास खेतों में एक साथ 100 के करीब युवाओं ने ड्रैगन डोर से पतंगबाजी की । इस दौरान पुलिस ने शाम 6 बजे तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं की। जानकारी के बाद जब दैनिक भास्कर टीम मौके पर पहुंची तो खेतों में सिर्फ चाइना डोर से ही पतंगें उड़ाईं जा रही थीं। सुबह 11 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक चाइना डोर का इस्तेमाल करने वाले किसी पर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जैसे ही पुलिस को मालूम हुआ कि मीडिया वाले वहां पहुंचे हैं तो उन्होंने शाम को रेलवे स्टेशन के आस-पास युवकों को खदेड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान चार लोग गला और चेहरा कटने से गंभीर जख्मी भी हो गए। एडवोकेट हरसिमरन सिंह ने बताया कि पांच दिन पहले ही उन्होंने पुलिस कमिश्नर भुल्लर को लिखित शिकायत दी थी, जिसमें बसंत पंचमी के दौरान चाइना डोर के इस्तेमाल की आशंका जताई गई थी। इसके बावजूद न तो पहले से कोई सख्त इंतजाम किए गए और न ही समय रहते कार्रवाई हुई। पुलिस खुद चाइना डोर से पतंग उड़ाने वालों को प्रोटेक्ट कर रही है, तभी इतनी बड़ी संख्या में लोग बिना डर के नियम तोड़ते रहे। पुलिस समय रहते सख्ती दिखाती, तो जो चार लोग बसंत पचमी वाले दिन छेहर्टा में घायल हुए हैं, वह बच जाते। घटनाक्रम के बाद एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं कि जब चाइना डोर पूरी तरह प्रतिबंधित है, तो फिर यह खुलेआम बाजार और मेलों में कैसे पहुंच रही है। पुलिस सिर्फ छोटी रिकवरी दिखाकर खानापूर्ती कर देती है। जबकि शहर में हर घर के बच्चे चाइना डोर से पतंग उड़ाते हुए दिखाई दिए है। मेले में भारी गिनती में पुलिस बल तैनात थी, उनके सामने चाइना डोर से पतंगबाजी की गई। गौर हो कि हर साल जनवरी महीने में पुलिस की ओर से यह दावा किया जाता है कि ड्रोन उड़ाकर छतों पर चाइना डोर से पतंग उड़ाने वालों के परिवार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बीते दो सालों से यही बात दोहराई जा रही है, लेकिन अब तक ऐसी किसी ठोस कार्रवाई का कोई रिकॉर्ड या पर्चा सामने नहीं आया। जबकि पुलिस उन लोगों के घरों में जाकर चेतावनी देकर छोड़ देते हैं। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सिटी पुलिस ने चाइना डोर बेचने और सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की है और यह आगे भी जारी है। चाइना डोर के खिलाफ कार्रवाई में 27 केस दर्ज, 32 गिरफ्तारियां की गईं। चाइना डोर से पतंगबाजी करने वालों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जांच चल रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *