गणतंत्र दिवस : किराए पर रहते 34 संदिग्ध हिरासत में

भास्कर न्यूज | अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार को हॉटस्पॉट इलाकों में किराएदार जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 33 हॉटस्पॉट इलाकों में 43 पुलिस पार्टियां तैनात की। जांच के दौरान 364 लोगों की पहचान जांची गई और 330 किराएदारों के दस्तावेज मौके पर चैक किए गए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर 34 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं एक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गोदाम मोहल्ला, फतेह सिंह कॉलोनी, गुज्जरपुरा, नगर निगम कॉलोनी, मोहिनी पार्क, कबीर पार्क, खालसा नगर, पंडोरा वार्ड-6, गुरु की वडाली, कैंट एरिया, खालसा कॉलेज के पास, पाम ग्रोव्स एयरपोर्ट रोड, रानी का बाग, यासीन रोड और ग्रीन एवेन्यू समेत कई इलाकों में जांच की गई। इसके अलावा कटड़ा बग्गियां, कोट बाबा दीप सिंह, रसूलपुर कल्लर, लाल कोठी, 40 क्वार्टर और जसपाल नगर में किराएदार सत्यापन तेज किया गया। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। 87 नाकों पर 1200 पुलिसकर्मी, नाका टीमें, सीआईए स्टाफ और फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात किए गए हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी निगरानी और जांच तेज कर दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत 112 पर सूचना दें। कमिश्नरेट पुलिस ने साफ किया है कि किराएदार जांच और हॉटस्पॉट चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से चलते रहेंगे, ताकि शहर सुरक्षित बना रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *