जशपुरनगर | बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा शहरभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ की गई। पुरानी टोली रोड स्थित सरस्वती मंदिर में सुबह से ही पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक श्रद्धालुओं की इतनी भीड़ रही कि मंदिर परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। इस अवसर पर कई बच्चों का विद्यारंभ कराया गया। मंदिर के पुजारी गौरीशंकर मिश्र ने वैदिक विधि-विधान से पूजा कर बच्चों को स्लेट और पेंसिल से अक्षर लिखवाकर विद्यारंभ संस्कार संपन्न कराया। मंदिर के अलावा लोगों ने अपने घरों में भी मां सरस्वती की पूजा की। शहर के सभी स्कूलों में भी सरस्वती पूजा धूमधाम से मनाई गई। कई स्कूलों में मां सरस्वती की मूर्ति स्थापित की गई। स्कूलों में सामूहिक रूप से सरस्वती वंदना का पाठ हुआ और विद्यार्थियों ने पूजा-अर्चना की। कई स्कूलों में इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने भक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पूरे शहर में बसंत पंचमी का पर्व भक्ति, उल्लास और शिक्षा के प्रति आस्था के साथ मनाया गया।


