झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीईबी) द्वारा मास्टर ऑफ एजुकेशन (एमएड), बैचलर ऑफ एजुकेशन (बीएड), बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन (बीपीएड) और मास्टर ऑफ फिजिकल एजुकेशन (एमपीएड) कोर्स में एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है। इसके माध्यम से राज्य के सरकारी एवं गैर सरकारी बीएड संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2025-27 नामांकन लिया जाएगा। इच्छुक और योग्यता रखने वाले स्टूडेंट्स 15 फरवरी से 15 मार्च तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। बीएड, एमएड, बीपीएड और डीपीएड में एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा प्रवेश परीक्षा 20 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा के लिए शुल्क निर्धारित कर दिया गया है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए ₹1000 शुल्क देना होगा। वही ओबीसी कैटेगरी के अभ्यर्थियों को 750 रुपए शुल्क देना होगा। इसी प्रकार एससी-एसटी कैटेगरी और सभी वर्ग की महिलाओं के लिए ₹500 शुल्क है। प्रवेश परीक्षा रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू व हजारीबाग जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी। 100 अंको की होगी परीक्षा, सभी प्रश्न होंगे एमसीक्यू बीएड, एमएड, डीपीएड और बीपीएड के लिए 100 अंकों की एक पत्र की परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जाएगी। इसमें सभी सवाल एमीक्यू टाइप के होंगे। प्रत्येक सही प्रश्न पर एक अंक मिलेंगे। वहीं गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाएंगे। इस परीक्षा में 30 प्रश्न भाषा, 40 प्रश्न शिक्षण क्षमता और 30 प्रश्न तार्किक क्षमता से होंगे।


