कोटा शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के डीसीएम इंदिरा गांधी इलाके में रहने वाले एक युवक ने शराब के नशे में अपने ही घर में सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कालू वर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार के लोगों ने मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती करवाया जहां आज इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उद्योग नगर थाना के एएसआई आरिफ मोहम्मद ने बताया कि कालू वर्मा शराब पीने का आदी था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने अत्यधिक शराब के नशे में आकर सल्फास की गोलियां खा लीं। जैसे ही परिजनों को इस बात की जानकारी मिली, वे उसे तुरंत कोटा के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण देर रात इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस हॉस्पिटल पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल के पोस्टमार्टम रूम में भिजवाया गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


