शाइनिंग सेफ्टी परावर्तक टेप को लेकर किया जागरूक

भास्कर न्यूज | गिरिडीह राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 23वें दिन शुक्रवार को जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के निर्देशानुसार शहर के योगीटांड–पापरवाटांड क्षेत्र में “शाइनिंग सेफ्टी” कार्यक्रम के तहत परावर्तक टेप (रिफ्लेक्टिव टेप) को लेकर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मोटरयान निरीक्षक गौरी शंकर कुमार रवि ने किया। इस वर्ष सड़क सुरक्षा माह की थीम “सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन” रखी गई है।अभियान के दौरान लोगों को वाहन चलाने से पूर्व यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया। मोटरयान निरीक्षक गौरी शंकर कुमार रवि ने वाहन स्वामियों से अपने वाहनों में अनिवार्य रूप से परावर्तक टेप लगाने की अपील की। उन्होंने बताया कि परावर्तक टेप लगे होने से रात के समय वाहनों की दृश्यता बढ़ती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है।उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने की सलाह दी गई। साथ ही वाहन के सभी कागजात अद्यतन रखने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की स्थिति में वाहन के कागजात सही नहीं रहने पर क्षतिपूर्ति दावा प्राप्त करने में कठिनाई होती है।यह भी बताया गया कि वाहन चलाते समय कभी क्रोधित न हों, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क पर ट्रैफिक नियमों का पूर्णतः अनुपालन करें।यातायात प्रभारी दुगनो टोपनो, मोटरयान निरीक्षक गौरी शंकर कुमार रवि, मो. वाजिद हसन तथा ट्रैफिक पुलिस के इमरान खान, मंडल सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *