बैकुंठपुर | कोरिया जिले के सामाजिक कार्यकर्ता सौरभ सिंह ने जिले के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर कई मांगें रखी हैं। पत्र में कोरिया को अलग संभाग बनाए जाने की मांग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक सुगमता बढ़ेगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। सौरभ सिंह ने सुझाव दिया कि कोरिया, सूरजपुर और एमसीबी जिलों को मिलाकर नया कोरिया संभाग गठित किया जा सकता है, जिससे स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में संतुलित विकास संभव होगा। उन्होंने कोरिया जिले में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और विधि महाविद्यालय की स्थापना की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में लंबे समय से विधि कॉलेज की मांग की जा रही है।


