ग्रामीणों ने बजरी के ट्रेक्टर-ट्रॉली पकड़ी,SHO ने दी गालियां:एसएचओ बोले-खनन के वीडियो एडिटेड;शिकायतकर्ता और सरपंच के बीच पुराना विवाद

जिले के सांगोद थाना क्षेत्र के आमली गांव में बीती रात ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को पकड़ा। ट्रैक्टर पकड़ने के बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया। लोगों ने फोन कर बजरी से भरे ट्रैक्टर के बारे में पुलिस को सूचना दी। ड्राइवर की व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय ग्रामीण व SHO के बीच बहस हो गई, जिसका ऑडियो अब सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है। करीब 4 मिनट के ऑडियो में सांगोद SHO लाखन सिंह, स्थानीय निवासी गुमानी शंकर से मारपीट करने वाले लोगों के नाम पते लिखकर बताने की सलाह दे रहे हैं। इस बारे में ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर से बात की तो उन्होंने कहा कि ऐसा मामला सामने आया है। इसकी जांच करवा रहे हैं। SHO व स्थानीय निवासी के बीच बातचीत का ऑडियो
गुमानी शंकर- और स्टाफ नहीं है क्या थाने में, दो ही आदमी हैं क्या
SHO- तेरे को क्या बीमारी है….
गुमानी शंकर- हां सर,, मेरे को दिमागी बीमारी है।
SHO- मेरी बात सुन तरीके से काम कर, और तरीके से सूचना दे।
गुमानी शंकर- बजरी से भरे दोनों ट्रैक्टर खड़े हैं, यहां पर पुलिसकर्मी आए थे।
SHO- पुलिस घूम-घाम कर चली गई वहां से, सुन…..तू चुनाव लड़ रहा है क्या, कांग्रेस का आदमी है तू, चुनाव लड़ रहा है तू, $$$$$, तू क्यों दिक्कत कर रहा है।
गुमानी शंकर- दिक्कत क्यों, ये अवैध काम नहीं है क्या।
SHO- कौनसा अवैध?
गुमानी शंकर- ये रेती निकालना।
SHO- किसके सामने,,, तेरे सामने निकालते हैं…
गुमानी शंकर- ये सामने भरकर खड़े हैं।
SHO-तो इनको थाने पर छोड़ देना।
गुमानी शंकर- मैं क्यों छोड़ने आऊं, आपकी पुलिस की गाड़ी आएगी।
SHO- मेरी बात सुन,, तू यहीं पर खड़ा रह। अभी पुलिस आकर ट्रैक्टर ले जाएगी।
गुमानी शंकर-ठीक है, हम सब यहीं खड़े हैं।
SHO-यहीं खड़ा रह।
गुमानी शंकर- यहां एक दो नहीं कम से कम 200 आदमी खड़े हैं।
SHO-तुम पूरे घर के खड़े हो जाओ।
गुमानी शंकर-पूरे घर के नहीं पूरे गांव के लोग खड़े हैं यहां।
SHO-ठीक है ले जाएंगे भाई, तेरे $$$$ क्यों हो रही है।
गुमानी शंकर- $$$$$ में नहीं, आप तमीज से नहीं बोल रहे। उनकी नौकरी कर रहे हो या सरकार की।
SHO -सुन… मेरी बात सुन ज्यादा नाटक मत कर, जो काम है ना, तूने कह दिया, तू तो $$$$$ इतना मरा हुआ आदमी है। ट्रैक्टर के लिए एक आदमी नहीं दे सकते (थाने लाने तक) पुलिस की हेल्प नहीं कर रहे तुम।
गुमानी शंकर- राजस्थान में खनन माफियाओं ने कितने आदमी मार दिए?
SHO-तुम तो पूरे गांव के हो, साले पुलिस की मजाक कर रहे हो।
गुमानी शंकर- पुलिस की मजाक नहीं कर रहे।
SHO-घर के 10 आदमी हो, तुम ट्रैक्टर चलाना नहीं जानते? तू सब जानता है, थाने में ट्रैक्टर नहीं छुड़वा सकता था।
गुमानी शंकर- हम क्यों छुड़वाए, हमें खनन माफिया रास्ते में मार देंगे!
SHO -तू नहीं मरेगा, मुझसे लिखवा लें। मेरी सुरक्षा की गारंटी है। तू 100 साल जीएगा। तू कहां, किससे बात कर रहा है।
गुमानी शंकर- मैं सांगोद थानेदार जी से बात कर रहा हूं।
SHO- तू मुझ से बात कर रहा है ना,, तो तू नहीं मरेगा भाई।
गुमानी शकर- कैसे?
SHO- तू एक ड्राइवर की व्यवस्था करके ट्रैक्टर को थाने पर छुड़वा देता ना, अब पुलिसकर्मी ड्राइवर लेने गए हैं।
गुमानी शंकर- सर, थाने में अन्य स्टाफ नहीं है क्या?
SHO- सुन ,,, वो जगह थाने से 40 किमी दूर है।
गुमानी शंकर-सर, 20 किमी ही है। हमारा रोज का आना जाना है।
SHO-हमारे पास कोई जेसीबी, एलएनटी नहीं है। हमारे पास खाली पुलिस की गाड़ी होती है। हम ड्राइवर भी लेकर आएंगे। ट्रैक्टर को ले जाएंगे। तू वहीं खड़ा रह।
गुमानी शंकर- कोई दिक्कत नहीं है। हम यहां 200 आदमी खड़े हैं।
SHO- तू खड़ा रह। तेरी फट रही है तो दूसरा आदमी भेज दे। उस ड्राइवर के पैसे हम दे देंगे।
गुमानी शंकर- हम पैसे भी नहीं दे सकते। कोई किसी को रास्ते में मार दे। कुछ हो जाए, कर जाए।
SHO- अरे नहीं मारेगा भैया। अरे यार कैसी बात करता है।
गुमानी शंकर- आप तो आपके हिसाब से देख लेना, हमने तो आपको सूचना दे दी। अब आपकी जवाबदारी है।
SHO- तू वहीं खड़ा रह। तेरे पास से ट्रैक्टर जाना नहीं चाहिए। ट्रैक्टर तो हम 100 फीसदी जब्त करेंगे।
गुमानी शंकर- ट्रैक्टर चला जाएगा तो मेरी जवाबदारी नहीं है।
SHO-तेरी जवाबदारी है। ये ट्रैक्टर तेरे सुपुर्द है।
गुमानी शंकर- क्यों मेरे क्यों सुपुर्द है? खनन माफिया आ जाएंगे तो हम क्या करेंगे?
SHO- अभी तू वहीं रह। लड़ाई झगड़ा मत करना। कोई झगड़ा करने आए तो उसका नाम पता नोट कर लेना। फिर मुझे बताना
गुमानी शंकर- पुलिसकर्मी एक स्टाफ को भी नहीं छोड़कर गए। कम से कम एक बंदे को तो यहां छोड़कर जाते।
SHO- अभी 10-15 मिनट में आ रहा है। तू वहीं खड़ा रह।
गुमानी शंकर- मैंने तो आपको बता दिया, अब मेरी जिम्मेदारी नहीं।
SHO- मेरी बात सुन तेरे सब घर वालों को ले ले और जो भी कोई मारने पीटने आए उसका नाम पता नोट कर लेना फिर मुझे दे देना। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लूंगा।
गुमानी शंकर- मारने वाला नाम बताकर मारेगा क्या? वो मारने से पहले मुझे नाम बताएंगे क्या?
SHO-भाई जो भी तेरे साथ मारपीट करे ना, उसके नाम पते लिखकर 100 नम्बर पर और कॉल कर देना। मुझे भी कॉल कर देना।
गुमानी शंकर- ये आपकी जवाबदारी है। ठीक है सर।
SHO- जब भी तुझे कोई मारे पीटे मेरे को कॉल कर देना।
गुमानी शंकर- ठीक है,,,, और,,, ठीक है आप तो जाप्ता भेजो। गुमानी शंकर ने बताया कि काफी समय से खनन माफिया कालीसिंध नदी से अवैध तरीके से बजरी निकाल रहे हैं। कुछ दिन पहले आमली गांव के लोगों ने इसकी शिकायत SDM को भी दी थी। गुरुवार रात साढ़े 10 बजे करीब गांव के लोगों ने अवैध तरीके से रेती ले जाते 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। गांव के एक युवक ने इसकी शिकायत 112 नंबर पर दी। आधे घंटे बाद पुलिस की एक ट्रैकर वहां आई। उसमें दो पुलिसकर्मी थे। पुलिस की गाड़ी आते देख खनन माफिया तीन ट्रैक्टर को लेकर फरार हो गए और दूर जाकर खड़ा कर दिया। इसके बाद साढ़े 11 बजे करीब मैंने सांगोद SHO लाखन सिंह के फोन लगाया तो SHO ने सही तरीके से बात नहीं की। बातचीत के दौरान उन्होंने दो तीन बार गाली गलौच की। मुझे कांग्रेसी बताया। जबकि मौके पर गांव के 200 लोग थे, जिन्होंने अवैध खनन की रेती ले जाते ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। समझ नहीं आ रहा SHO सरकार की नौकरी कर रहे हैं या खनन माफियाओं की। इस बारे में SHO सांगोद लाखन सिंह ने कहा कि वो गुरुवार रात को छुट्टी पर रवाना हो रहा था। गाड़ी में चलते-चलते किसी का कॉल आया था। वो बहस कर रहा था। उससे कहा था कि ड्राइवर की व्यवस्था करवा दो। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां एक खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली मिली। जिसे जब्त कर थाने लाए थे। रात को ट्रैक्टर मालिक मौके पर नहीं था। सुबह ट्रैक्टर मालिक ने खेती के काम से जाते समय कुछ लोगों द्बारा जबरन रोकने की शिकायत दी है। सरपंच चुनाव के समय से रामप्रसाद व गुमानी शंकर के बीच खींचतान चली आ रही है। ये रामप्रसाद के कामों को अवैध मानते हैं। जिस वीडियो में रेती से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाए गए हैं वो एडिटेड हैं। पुलिस जब मौके पर गई, तब वहां एक खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली मिली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *