गढ़वा|शहर के रंका रोड स्थित साईं नेत्रालय एंड हॉस्पिटल चश्मा घर में नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत साईं नेत्रालय एंड हॉस्पिटल चश्मा घर रंका रोड में 71 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन कर लेंस प्रत्यारोपण किया गया। इसके बाद उन्हें चश्मा भी उपलब्ध कराया गया। मौके पर साईं नेत्रालय एंड हॉस्पिटल के निदेशक तौकीर अहमद ने कहा कि साईं नेत्रालय एंड हॉस्पिटल में पिछले कई दिनों से नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जा रहा है, जिसमें सैकड़ों लोगों का ऑपरेशन किया जा चुका है। इस मोतियाबिंद कार्यक्रम में जरूरतमंद लोगों का बिना पैसे का ऑपरेशन कर उन्हें चश्मा उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह का कार्यक्रम चलता रहेगा। संरक्षक तनवीर अहमद ने कहा कि आंखें इंसान के शरीर का सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण अंग है। इसलिए शरीर के इस बेशकीमती अंग की समुचित देखभाल भी जरूरी है। इस अवसर पर साईं नेत्रालय एंड हॉस्पिटल के निदेशक तौकीर अहमद, संस्था के अध्यक्ष मनोज सोनी, डॉक्टर अनुज तिवारी, नेत्र सहायक शशिकांत, कल्पना, काजल व संरक्षक तनवीर अहमद आदि उपस्थित थे।


