पुलिस ने 23 दिन में 134 वांछित किए गिरफ्तार:117 स्थायी वारंटी, 2 इनामी समेत 317 वारंटों का निस्तारण

बारां पुलिस ने फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे रेंज स्तरीय विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। 1 से 31 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान के तहत 23 जनवरी तक कुल 134 वांछितों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 13 इनामी अपराधी, 117 स्थायी वारंटी, 2 उद्घोषित अपराधी और 2 भगोड़े शामिल हैं। अभियान के दौरान कुल 317 गिरफ्तारी वारंटों का निपटारा भी किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के पर्यवेक्षण में चलाया जा रहा है। उन्होंने जिले के सभी वृत्ताधिकारियों, थानाधिकारियों और जिला विशेष टीम को फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए निर्देश दिए थे, जिसके बाद लगातार दबिश देकर यह कार्रवाई की गई। अभियान के तहत थाना छीपाबड़ौद पुलिस ने 18 साल से फरार चल रहे 20-20 हजार रुपए के दो उद्घोषित इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त 10 साल से फरार 2 हजार रुपए के एक इनामी अपराधी को भी पकड़ा गया। अन्य कार्रवाइयों में थाना नाहरगढ़ पुलिस ने 5 साल से फरार 5-5 हजार रुपए के दो इनामी भगोड़े अपराधियों और 10 साल से फरार 2-2 हजार रुपए के तीन इनामी स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। थाना अटरू ने 1 हजार रुपए के एक इनामी अपराधी को पकड़ा, जबकि थाना कवाई पुलिस ने 2-2 हजार रुपए के तीन इनामी अपराधियों को दबोचा। थाना छबड़ा पुलिस ने भी 2 हजार रुपए के एक इनामी भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस विशेष अभियान के कारण जिले में फरार अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि लंबे समय से फरार अपराधियों को पकड़कर कानून के दायरे में लाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *