चित्तौड़गढ़ के इंदिरा गांधी स्टेडियम में शनिवार को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन होगा। इसके लिए पूरी तैयारियां कर ली गई है। स्टेडियम के चप्पे- चप्पे में सख्त चेकिंग की जा रही है। हालांकि समारोह की सुरक्षा व्यवस्था टीम में इस बार नया नाम डॉग “लुभना” का भी जुड़ गया है। पहली बार चित्तौड़गढ़ आई लुभना ने अपनी ड्यूटी निभाते हुए स्टेडियम की गहन जांच की, जिससे समारोह में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं फैले। लुभना अभी सिर्फ एक साल की है और हरियाणा से विशेष ट्रेनिंग लेकर आई है। कम उम्र के बावजूद लुभना ने अपनी पहली ड्यूटी में सतर्कता और दक्षता दिखाकर भरोसा दिलाया है कि गणतंत्र दिवस समारोह पूरी तरह सुरक्षित माहौल में संपन्न होगा। दरअसल, बुधवार को उदयपुर से बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वायड (BDDS) की टीम चित्तौड़गढ़ पहुंची। यह टीम प्रतापगढ़ से सीधे चित्तौड़गढ़ के इंदिरा गांधी स्टेडियम आई और आते ही जांच काम शुरू कर दिया। टीम में कुल तीन सदस्य शामिल थे, जिनमें टीम प्रभारी सब इंस्पेक्टर यमनेश शर्मा, सहायक उप निरीक्षक घनश्याम और डॉग हैंडलर देवेंद्र सिंह थे। टीम ने अपने अनुभव और आधुनिक तकनीक के सहारे पूरे स्टेडियम परिसर को बारीकी से खंगाला। आधुनिक उपकरणों से की गई गहन जांच
BDDS टीम ने जांच के दौरान डॉग स्क्वायड के साथ-साथ मेटल डिटेक्टर और हैंड मेटल डिटेक्टर जैसे आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया। स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार, खुले मैदान और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई। टीम का उद्देश्य यही था कि कार्यक्रम से पहले किसी भी संदिग्ध वस्तु या खतरे को समय रहते पहचान लिया जाए। सुरक्षा जांच को पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ अंजाम दिया गया। जोन और रेंज स्तर पर सख्त तैयारी
गणतंत्र दिवस जैसे आयोजन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को जोन और रेंज स्तर पर मजबूत किया गया है। पूरी टीम ने स्टेडियम के हर कोने में जाकर जांच की, ताकि कोई भी स्थान छूट न जाए। यह प्रोसेस प्रोग्राम से पहले की एक जरूरी मानी जाती है। जांच के बाद स्टेडियम को जिला विशेष टीम की निगरानी में छोड़ा जाता है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि कार्यक्रम से पहले कोई अनधिकृत व्यक्ति या वस्तु परिसर में प्रवेश न कर पाए। निगरानी में रखा गया स्टेडियम क्षेत्र
इस मौके पर चित्तौड़गढ़ जिले की विशेष शाखा के एएसआई कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम की पूरी तरह जांच की गई है। जांच के बाद यह क्षेत्र पुलिस निगरानी में छोड़ा गया है और लगातार नजर रखी जा रही है। अब यहां किसी के भी आने से रोक लगाई है। डोली के बाद लुभना ने संभाली जिम्मेदारी
डॉग स्क्वायड में भी इस बार बदलाव देखने को मिला है। नौ साल तक पुलिस विभाग में सेवा देने वाली डॉग “डोली” के रिटायरमेंट के बाद अब लुभना ने जिम्मेदारी संभाली है। डोली ने अपनी आखिरी ड्यूटी 15 अगस्त को निभाई थी और सितंबर 2025 में वह रिटायर्ड हो गई।


