उदयपुर शहर के सविना थाना क्षेत्र के बलीचा-प्रतापनगर हाईवे पर आज स्थानीय निवासियों ने एक कट को बंद करने को लेकर विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया। एसबी नगर के पास स्थित एक डिवाइडर कट को बंद करने के लिए जैसे ही काम शुरू करने पहुंचे तो वहां के लोग जमा हो गए और विरोध जताया। बलीचा-प्रतापनगर हाईवे पर हादसों की रोकथाम को लेकर इस कट को बंद करना बहुत जरूरी बताते हुए बंद किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कट बंद होने से समस्या सुलझेगी नहीं बल्कि और विकट हो जाएगी। नेना तालाब और बलीचा-प्रताप नगर हाईवे के बीच स्थित एसबी नगर के निवासियों ने कट बंद करने को लेकर सवाल खड़े करते हुए विरोध किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कट को बंद करना पूरी तरह अवैज्ञानिक है। लोगों को कहना है कि यदि इस कट को बंद कर दिया जाता है तो एसबी नगर और आसपास की कॉलोनियों में जाने के लिए वाहनों को करीब आधा किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा। लोगों ने आशंका जताई है कि समय और दूरी बचाने के चक्कर में टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर रॉन्ग साइड से वाहन लेकर आएंगे और हादसे बढ़ जाएंगे। हाईवे पर गलत दिशा से आने वाले वाहन किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण दे सकते हैं। कॉलोनी वासियों की मांग है कि कट को बंद करने के बजाय वहां कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाए जिससे लोगों को घूमकर न जाना पड़े और सुरक्षा भी बनी रहे।


