बैंक 4 दिन बंद, 27 जनवरी तक नहीं होगा काम:फाइव-डे बैंकिंग सहित लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को रहेगी हड़ताल

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर 27 जनवरी को देशव्यापी बैंक हड़ताल रहेगी। 24 से 26 जनवरी तक छुट्‌टी और 27 को हड़ताल के कारण जिले में लगातार चार दिन तक बैंक बंद रहेंगे। हनुमानगढ़ में बैंक यूनियनों के पदाधिकारियों की शनिवार को बैठक हुई, जिसमें हड़ताल के दिन के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 27 जनवरी को सभी बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी सुबह 10:30 बजे जंक्शन स्थित टाउन रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय के सामने एकत्रित होकर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद एक रैली निकाली जाएगी, जो रेलवे स्टेशन होते हुए पुनः मंडल कार्यालय पर समाप्त होगी। इस प्रदर्शन के माध्यम से बैंककर्मी फाइव-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, कर्मचारी विरोधी नीतियों को वापस लेने और श्रमिक हितों की अनदेखी का विरोध करेंगे। राजस्थान प्रदेश बैंक एम्पलाइज यूनियन के क्षेत्रीय सचिव और पीएनबीईयू राजस्थान के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी प्रदीप गोयल ने बताया कि बैंकों में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू करना यूनियनों की प्रमुख मांग है। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2023 में आईबीए और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच इस संबंध में समझौता हुआ था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। गोयल के अनुसार आईबीए ने यह मामला केंद्र सरकार पर छोड़ दिया है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई स्वीकृति नहीं मिली है। मार्च 2025 में प्रस्तावित हड़ताल भी इसी आश्वासन पर स्थगित की गई थी कि जल्द फाइव-डे बैंकिंग लागू होगी, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ। बैठक में एसबीआईएसए के रीजनल सेक्रेटरी जगप्रीत धींगड़ा, एनसीबीई के रीजनल सेक्रेटरी डूंगरराम भाटी, प्रदीप जोशी, अंकित डोडा, गौरव चिलाना और पीएनबी ऑफिसर्स यूनियन के अध्यक्ष दिलीप सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। हड़ताल और अन्य छुट्‌टी के चलते 24 से 27 जनवरी तक बैंक बंद रहेंगे। 24 जनवरी को चौथा शनिवार, 25 को रविवार, 26 को गणतंत्र दिवस और 27 जनवरी को हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह ठप रहेंगी। इससे नकद लेन-देन, चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट और अन्य शाखा कार्यों में आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *