जिले में अपराधियों के विरुद्ध पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर तीन सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई सदर, मण्ड्रेला और मलसीसर थाना पुलिस द्वारा अंजाम दी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) देवेन्द्र सिंह राजावत ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना और सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। सदर थाना पुलिस: पुराना हिस्ट्रीशीटर और सक्रिय अपराधी शुभम गिरफ्तार सदर थानाधिकारी मांगीलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके के एक वांछित और सक्रिय अपराधी शुभम बुडानिया को गिरफ्तार किया है। शुभम बुडानिया (21) पुत्र सुरेंद्र सिंह, निवासी नयासर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी शुभम पर पूर्व में मारपीट, अवैध घुसपैठ और एससी/एसटी एक्ट के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से इसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। मण्ड्रेला थाना पुलिस: पुलिस ने तोड़ी ‘मेंटल’ की अकड़, शांतिभंग में धरा गया मण्ड्रेला थाना पुलिस ने इलाके में दहशत फैलाने की फिराक में घूम रहे सक्रिय अपराधी अंकित उर्फ मेंटल को दबोच लिया है। थानाधिकारी रामसिंह ने बताया कि अंकित उर्फ मेंटल (19) पुत्र ईश्वर सिंह, निवासी धतरवाला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को शांतिभंग की आशंका के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, अंकित उर्फ मेंटल इलाके में सक्रिय रूप से अपराधिक मानस के साथ घूम रहा था। मलसीसर थाना पुलिस: शातिर अमरजीत उर्फ मोटिया चढ़ा पुलिस के हत्थे मलसीसर थाना पुलिस ने सक्रिय अपराधी अमरजीत उर्फ मोटिया को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी डॉ. महेन्द्र कुमार ने बताया कि अमरजीत उर्फ मोटिया (30) पुत्र प्रभुदयाल, निवासी हमीर खान का बास सक्रिय अपराधी है। आरोपी को गिरफ्तार करने लिए टीम का गठन किया गया। इस टीम में सउनि संजीव कुमार और हेड कांस्टेबल पवन कुमार सहित कई जवान शामिल थे।


