बठिंडा जिले में पुलिस ने एक हनी ट्रैप गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। यह गिरोह रेलवे स्टेशन के पास बाहरी यात्रियों को अपना शिकार बनाता था। डीएसपी अमृतपाल सिंह भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरोह के सदस्य भोले-भाले यात्रियों को अपने प्यार के जाल में फंसाते थे। वे उन्हें सुनसान जगह पर ले जाते थे, जहां उनके साथी लड़के रिक्शे पर सवार होकर वीडियो बनाते थे। इसके बाद वे पीड़ितों को ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूलते थे। 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया डीएसपी भाटी ने बताया कि रेलवे स्टेशन के पास ऐसी घटनाओं की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें इस मामले पर काम कर रही थीं, जिसके परिणामस्वरूप इन 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस पुलिस इन सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी और रिमांड मांगेगी। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि गिरोह ने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। दो पर पहले से दर्ज हैं केस गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रणजीत सिंह उर्फ मोजी (36) जो परस राम नगर का रहने वाला है। उसके साथ विशाल कुमार (24) ऊधम सिंह नगर, शिवा (22) गोपाल नगर, नीतू गोपाल नगर, किरना रानी झील नंबर 3, मनप्रीत कौर सुर्खपीर रोड और सुखदीप कौर लाल सिंह रोड के रहने वाले के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी सुखप्रीत और नीतू के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं।


