चुटका परियोजना पुनर्वास कॉलोनी में पौधरोपण:डॉ. होमी भाभा की पुण्यतिथि मनाई गई, जल्द शुरू होगा विस्थापन

मंडला जिला मुख्यालय के समीप ग्राम गोंझी रैयत में स्थित चुटका मध्य प्रदेश परमाणु विद्युत परियोजना की पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन कॉलोनी में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के जनक डॉ. होमी जहांगीर भाभा की पुण्यतिथि के अवसर पर एनपीसीआईएल की चुटका मध्य प्रदेश परमाणु विद्युत परियोजना इकाई द्वारा आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में मंडला सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते, प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम सहित जिला प्रशासन तथा एनपीसीआईएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने कॉलोनी परिसर में फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया। उल्लेखनीय है कि मंडला जिले के चुटका ग्राम में परमाणु विद्युत परियोजना वर्ष 2009-10 से प्रस्तावित है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है। परियोजना से प्रभावित विस्थापितों के पुनर्वास के लिए जिला मुख्यालय के नजदीक ग्राम गोंझी में पुनर्वास कॉलोनी का निर्माण किया गया है। इस अवसर पर सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते और एनपीसीआईएल अधिकारियों ने बताया कि विस्थापन एवं पुनर्वास की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में बसने वाले लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फलदार एवं औषधीय पौधों का बगीचा विकसित किया जा रहा है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पुनर्वास कार्यों को लेकर तत्परता से कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही विस्थापित परिवार इस कॉलोनी में निवास करने लगेंगे। यह वृक्षारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पुनर्वास क्षेत्र को हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *