हरदा जिले की रहटगांव थाना पुलिस ने जंगल क्षेत्र से ग्रामीणों के मवेशी चुराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी मनोज दुबे ने बताया कि 25 दिसंबर को बलिराम पिता दादू सिलरे, निवासी ग्राम कायदा, थाना रहटगांव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके छह मवेशी, जिनमें तीन भैंस, दो पाड़िया और एक बोदा शामिल थे, अज्ञात चोरों द्वारा चुरा लिए गए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर कायदा निवासी संदिग्ध काशीराम से पूछताछ की गई, जिसने आरोपियों और चोरी किए गए मवेशियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। जानकारी के आधार पर एक टीम गठित कर आरोपियों की तलाश में भैरूंदा (नसरुल्लागंज) रवाना किया गया। टीम ने वहां से आरोपी अरमान पिता अब्दुल रजाक (32) और साजिद पिता रहीस खान (29), दोनों निवासी सोंटिया, थाना भैरूंदा, जिला सीहोर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मवेशियों को चोरी कर सीहोर जिले में बेचते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनोज दुबे, एएसआई माधव भाट, हेडकांस्टेबल प्रदीप रघुवंशी, गजेंद्र यादव, आरक्षक महेंद्र रघुवंशी, ब्रजेश, आरक्षक रविंद्र और साइबर आरक्षक मनोज दोहरे की विशेष भूमिका रही।


