ब्यावर के भगत चौराहे पर 100 फीट ऊंचे पोल लगा राष्ट्रीय ध्वज शनिवार को दिनभर फहराने की बजाय लटकता रहा। शाम को 4 बजे यह फोटो सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद नगर परिषद के कर्मचारी सक्रिय हुए और इसका फिर से ठीक किया। इसके बाद झंडा फहराने लगा। एडवोकेट विनोद खाटवा के अनुसार यह राष्ट्रीय ध्वज भगत चौराहे पर लोहिया पेट्रोल पंप के पास स्थित 100 फीट ऊंचे पोल पर लगा हुआ है। इसकी स्थापना सभापति नरेश कनौजिया के प्रयासों और प्रशासन की स्वीकृति से हुई थी। शुक्रवार रात को आई बारिश के बाद राष्ट्रीय ध्वज रस्सी से लटक गया। शनिवार को दिनभर यह लटकता रहा। शाम को 4 बजे यह फोटो सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद नगर परिषद के कर्मचारी सक्रिय हुए और अशोक जादम के नेतृत्व में ठीक किया गया। इसके बाद झंडा फहराने लगा। यह पहली बार नहीं है जब ध्वज के रखरखाव में लापरवाही सामने आई है। पूर्व में भी कई बार उचित देखरेख के अभाव में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा प्रभावित हुई है। कुछ मौकों पर तो पोल महीनों तक ध्वज-विहीन रहा था, जिसके बाद भगत चौराहा मित्र मंडली ने नया ध्वज भेंट किया था।


