बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित रिफाइनरी में शनिवार सुबह दो बसों की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बस पलट गई, जिससे उसमें सवार कई मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद रिफाइनरी परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। एक बस बेकाबू होकर पलट गई
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया-सुबह के समय मजदूर अपनी कार्यस्थल पर जा रहे थे। रिफाइनरी परिसर के अंदर एक चौराहे पर मजदूरों को ले जा रही दो बसों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बस बेकाबू होकर पलट गई। घायल मजदूरों को अस्पताल भेजा
हादसे के बाद बस में सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही रिफाइनरी की मेडिकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को आगे के इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। एसयूवी वाहन में की तोड़फोड़
हादसे के बाद परिवहन व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए मजदूरों ने रिफाइनरी परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और वहां खड़ी एक एसयूवी वाहन में तोड़फोड़ भी की। इससे कामकाज ठप हो गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पचपदरा थाना पुलिस और सीआईएसएफ (CISF) के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मजदूरों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका। रिफाइनरी प्रबंधन की ओर से मजदूरों को आश्वासन दिया गया कि हादसे की विस्तृत जांच कराई जाएगी। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। प्रबंधन के इस आश्वासन के बाद मजदूरों का आक्रोश शांत हुआ और स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस और CISF की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई
फिलहाल रिफाइनरी परिसर में शांति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस और CISF की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वहीं, पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


