खरगोन में पिकअप पलटने से 16 घायल:एक की हालत गंभीर, 40 से अधिक लोग सवार थे

खरगोन में एक पिकअप वाहन पलटने से 16 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा शनिवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ जब वाहन गोपालपुरा से सिरवेल जा रहा था। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन (क्रमांक MP10G 2059) सिरवेल से 6 किलोमीटर पहले खापरजामली के पास एक मोड़ पर संतुलन खोकर पलट गया। वाहन में 40 से अधिक लोग सवार थे। सभी घायल गोगांवा थाना क्षेत्र के गोपालपुरा निवासी बारेला आदिवासी समाज के सदस्य हैं। घायलों को पहले भगवानपुरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद शाम 4:30 बजे खरगोन जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉ. विजय पाटीदार और डॉ. अमित चौहान सहित स्वास्थ्य टीम ने घायलों का इलाज किया। प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. दिलीप सेप्टा ने बताया कि सुनील देवरिया नामक व्यक्ति की हालत गंभीर है, जिसे सिर में गंभीर चोट आई है। उनकी चोट की गंभीरता का पता लगाने के लिए सीटी स्कैन कराया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, ये सभी लोग एक सामाजिक परंपरा के तहत वधू पक्ष को ‘नेग’ की रकम देने के लिए गोपालपुरा से सिरवेल जा रहे थे। दो साल पहले गांव के भैयू पिता बारसिंह का विवाह हुआ था, और उसी के संबंध में यह यात्रा की जा रही थी। हादसे के समय भैयू और उनकी पत्नी वाहन में सवार नहीं थे। गनीमत रही कि पिकअप में कोई बच्चा मौजूद नहीं था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *