गणतंत्र दिवस पर अमृतसर की हेरिटेज स्ट्रीट में बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर हमले और संविधान की प्रति जलाने की घटना के विरोध में फाजिल्का में पूर्ण बंद का आयोजन किया गया। दलित संगठनों ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन की मांग की है। दलित एकता मंच के चेयरमैन ठाकर दास और एससी-बीसी कर्मचारी कल्याण महासंघ के जिला अध्यक्ष मास्टर सुभाष चंद्र ने बताया कि घटना के पीछे किन ताकतों का हाथ है और कौन पंजाब का माहौल बिगाड़ना चाहता है, इसकी गहन जांच होनी चाहिए। हालांकि आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन संगठनों की मांग है कि उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। विरोध प्रदर्शन को व्यापार मंडल, जिला बार एसोसिएशन और डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट सहित कई संगठनों का समर्थन मिला है। शहर में रोष मार्च निकाला गया और सभी दुकानें बंद रहीं। इस अवसर पर दलित एकता मंच के अध्यक्ष अशोक नागवंशी, सचिव इंदर मोहन पटवारी और मुख्य सलाहकार फतेहचंद भी मौजूद रहे।


