पंजाब के फाजिल्का में एक ऑप्टिकल (चश्मे) की दुकान में आज शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। पंजाब बंद के कारण दुकान बंद थी, लेकिन दुकान से धुएं का गुबार निकलता देख आसपास के लोगों ने तुरंत दुकान मालिक शुभम सहगल को सूचित किया। घटना साइकिल बाजार की है। मौके पर पहुंचे दुकान मालिक ने देखा कि दुकान में भयंकर आग लगी हुई है। उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर विभाग के अधिकारी रमन कुमार के नेतृत्व में दो गाड़ियां और छह कर्मचारी मिनटों में मौके पर पहुंच गए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फायर विभाग के अधिकारी रमन कुमार ने बताया कि दुकान में बने स्टोर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। हालांकि दुकान में अभी भी धुआं भरा होने के कारण वास्तविक नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है। फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि आग पड़ोस की दुकानों तक फैल सकती थी। दुकान मालिक के अनुसार लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है।


