पंजाब के फाजिल्का में एक पति ने अपनी पत्नी के काम पर जाने का फायदा उठाकर उसका घर तोड़ दिया। गांव जांडवाला भीमेशाह की रहने वाली अमरजीत कौर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अमरजीत की 25 साल पहले मुंशी राम से शादी हुई थी। नशे का आदी होने के कारण पति से परेशान होकर वह पिछले दो साल से अपने बच्चों के साथ अलग रह रही थी, जबकि मुंशी राम अपनी मां सिमरो बाई के साथ दूसरी जगह रह रहा था। घटना तब हुई जब अमरजीत कौर काम करने गई थी। वापस लौटने पर उसने देखा कि उसके घर की चारदीवारी और छत तोड़ी हुई थी, गेट टूटा पड़ा था और घर का सारा सामान गायब था। पड़ोसियों से पूछताछ करने पर पता चला कि उसके पति और अन्य लोगों ने यह सब किया है। पीड़िता की शिकायत पर थाना अरणीवाला पुलिस ने मुंशी राम, उसकी मां सिमरो बाई समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


