मोगा में व्यापारी से 40 लाख रुपए ठगे गए है। चंडीगढ़ के एक दंपती ने सैनिटाइजर का टेंडर दिलाने के नाम पर रकम हड़पी। बाघापुराना के व्यापारी अभिनव मित्तल ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोनिक मोरया और उसकी पत्नी गीतीका ने लगभग एक साल पहले पीड़ित से संपर्क कर सैनिटाइजर का सरकारी टेंडर दिलाने का वादा किया था। इस दौरान उन्होंने अभिनव मित्तल से करीब 40 लाख रुपए ले लिए। बाघा पुराना के एएसआई जगदीप सिंह ने बताया कि आरोपी दंपती ने न तो वादा किया गया टेंडर दिलाया और न ही पीड़ित के पैसे वापस किए। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि उन्होंने कई बार अपने पैसों की मांग की, लेकिन आरोपी दंपती ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


