पन्ना पुलिस ने सिंचाई पंप चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। धरमपुर थाना पुलिस ने रंज नदी के घाट से चोरी हुई दो विद्युत मोटरें भी बरामद की हैं, जिनकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस मामले का खुलासा किया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी रामरतन उर्फ रत्ती राजपूत (25) और राजकुमार खंगार (28) पड़ोसी खेतों में काम करते थे और इसी दौरान उनकी दोस्ती हुई थी। 19 जनवरी की दोपहर रामरतन ने राजकुमार को इमलाहट स्थित घरघटा घाट से मोटर चोरी करने का लालच दिया। दोनों ने चोरी की मोटरें बेचकर पैसे आपस में बांटने की योजना बनाई थी। योजना के अनुसार, 19 जनवरी की रात करीब 9 से 11 बजे के बीच दोनों आरोपी नदी के घाट पर पहुँचे। उन्होंने किसान दुर्जन लोध के पंपों के सेक्शन तोड़े, तार काटे और दोनों मोटरें लेकर फरार हो गए। अगले दिन जब किसान अपने खेत पहुँचा, तो उसे सिर्फ कटे हुए तार मिले, जिसके बाद उसने तुरंत धरमपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देश पर थाना प्रभारी अनिल सिंह राजपूत के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की मोटरें कालिका देवी मंदिर के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखी हुई मिलीं, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई में धरमपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक अशोक प्रजापति, आरक्षक अजीत, वरुण, बृजेश और प्रमोद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


