पलामू के हैदरनगर बाजार में प्रमोद मेडिकल के पास दिनदहाड़े हुए 50 वर्षीय मोहम्मद ईमामुद्दीन हत्याकांड के आरोपी को शनिवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन घंटे में ही आरोपी 36 वर्षीय मुमताज अहमद उर्फ लड्डू को गिरफ्तार कर लिया था। जांच में पता चला कि मृतक ईमामुद्दीन ने ही आरोपी मुमताज को सूरत में क्रेन ऑपरेटर की नौकरी दिलवाई थी। दोनों एक दूसरे के पड़ोसी गांव के रहने वाले थे। पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना के दिन बाजार में दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद मुमताज घर से 7.65 एमएम की देशी पिस्टल लेकर आया और ईमामुद्दीन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। एसपी रीष्मा रमेशन के अनुसार, आरोपी को जपला रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, दो मैगजीन और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक उसे धमकी देता था और उटपटांग बातें करता था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कपड़े, दस्तावेज और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।


