समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में अधिवक्ता, पुलिस व पारा लीगल वॉलेंटियर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : रमाकांत

भास्कर न्यूज | कोडरमा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा की ओर से व्यवहार न्यायालय स्थित जिला न्याय सदन सभागार में पोक्सो एक्ट, जे जे एक्ट, एडीआर और नालसा स्कीम से संबंधित एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला (मल्टी स्टेक होल्डर्स कंसल्टेशन) का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन कोडरमा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार अध्यक्ष रमाकान्त मिश्रा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम गुलाम हैदर, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय राकेश चंद्रा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अमित कुमार वैश, अवर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मनोरंजन कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव गौतम कुमार, न्यायाधीश प्रभारी शिवांगी प्रिया एवं न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी ज्योत्सना पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता, मध्यस्थ, एलएडीसीएस के अधिवक्ता, विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी, पारा लीगल वॉलेंटियर एवं न्यायालयकर्मी मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों को पोक्सो एक्ट, जे जे एक्ट, वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। रमाकान्त मिश्रा ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में अधिवक्ता, पुलिस और पारा लीगल वॉलेंटियर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए कानूनों में हो रहे निरंतर बदलावों और नए प्रावधानों की अद्यतन जानकारी आवश्यक है। इस प्रकार की कार्यशालाएं न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मील का पत्थर साबित होती हैं। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम गुलाम हैदर ने पोक्सो एक्ट पर विशेष जानकारी देते हुए हाल के संशोधनों पर प्रकाश डाला। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय राकेश चंद्रा ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम कानूनी जागरूकता बढ़ाने में सहायक हैं और इससे न्यायिक प्रक्रिया को गति मिलती है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अमित कुमार वैश ने नए आपराधिक कानून 2023 एवं जे जे एक्ट की विस्तृत जानकारी देते हुए आपराधिक कानूनों में किए गए बदलावों की प्रासंगिकता पर चर्चा की। उन्होंने किशोर न्याय बोर्ड की भूमिका और बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों की भी जानकारी दी। कार्यशाला में एलएडीसीएस अधिवक्ता नवल किशोर, किरण कुमारी, मध्यस्थ सुमन कुमारी और पैनल अधिवक्ता रोहित कुमार सिंह ने पोक्सो एक्ट, जे जे एक्ट, एडीआर और नालसा स्कीम पर व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी साझा की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने कई प्रश्न पूछे, जिनका रिसोर्स पर्सन की ओर से संतोषजनक उत्तर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव गौतम कुमार ने किया। मौके पर एलएडीसीएस के अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, पुलिस पदाधिकारी, मध्यस्थ, पारा लीगल वॉलेंटियर प्रियंका कुमारी, संतोष कुमार सहित अन्य न्यायालयकर्मी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *