कोडरमा में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल

भास्कर न्यूज | कोडरमा गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर शनिवार को बागीटाड़ स्टेडियम मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। यह रिहर्सल उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होने वाले सभी कार्यक्रमों को रियल टाइम आधार पर दोहराया गया, ताकि समारोह के दिन किसी भी प्रकार की कमी या त्रुटि न रहे। इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने परेड में शामिल सभी टुकड़ियों को संबोधित करते हुए अनुशासन एवं समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। रिहर्सल के उपरांत समारोह में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई, जिसमें पुलिस पदाधिकारी भी शामिल रहे। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समय से अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचकर सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह का सफल और गरिमामय आयोजन सभी विभागों के आपसी समन्वय से ही संभव है। उन्होंने झांकियों के निर्धारित समय पर प्रदर्शन, चिकित्सा व्यवस्था की मजबूती तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान सुरक्षा, अनुशासन एवं सुचारू व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, प्रभारी सामान्य शाखा प्रिंस गोडविन कुजूर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ओम मंडल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *