‘तुम भी आना लुधियाना में कीर्तन होगा’… कन्हैया के भजनों पर झूमे भक्त, पंडाल बना मिनी खाटू धाम

भास्कर न्यूज | लुधियाना चंडीगढ़ रोड स्थित जमालपुर के यूपीएससी जैन स्कूल के सामने शनिवार की रात भक्ति और अध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा और परंपरा के साथ हुआ। संकीर्तन की शुरुआत में विधि-विधान के साथ विशेष पूजा अर्चना की गई। इसके उपरांत सेवादारों द्वारा बाबा की पावन ज्योत प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत मंगल आरम्भ किया गया। श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा आयोजित तृतीय मन की बात सांवरे के साथ महोत्सव में आस्था का ऐसा ज्वार उमड़ा कि पंडाल में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। भजन सम्राट कन्हैया मित्तल ने रात 10:15 बजे मंच संभाला। गणेश वंदना और हनुमान चालीसा के पाठ के साथ उन्होंने भक्ति संध्या का श्रीगणेश किया। इसके बाद उन्होंने जैसे ही ‘मतलब की इस दुनिया से मुझको नफ़रत है, ओ सांवरे मुझे तेरी ज़रूरत है’ भजन की शुरुआत की पंडाल में मौजूद हर आंख सजल हो उठी और हाथ बाबा की ओर उठ गए। महोत्सव का मुख्य आकर्षण मित्तल द्वारा गाया गया विशेष भजन ‘तुम भी आना लुधियाना में कीर्तन होगा’… रहा। इस भजन पर श्रद्धालु खुद को झूमने से नहीं रोक पाए। संकीर्तन के बीच कन्हैया मित्तल ने ‘वाहेगुरु-वाहेगुरु’ का जाप कर एकता और शांति का संदेश भी दिया। कार्यक्रम की शुरुआत कोलकाता की भजन गायिका श्वेता अग्रवाल ने की। उन्होंने ‘राधे-राधे जपो चले आएंगे बिहारी’ और ‘वृंदावन जाऊंगी सखी’ जैसे मधुर भजनों से भक्तों को भावविभोर कर दिया। इससे पूर्व सुबह के समय भक्तों द्वारा एक विशाल निशान यात्रा निकाली गई जिसमें रंग-बिरंगे ध्वज लहराते हुए श्रद्धालु जयकारे लगाते चल रहे थे। समारोह के समापन पर बाबा की विशेष आरती उतारी गई और छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में अमित गर्ग, धर्मेंद्र सिंह, अरविंदर सिंह जोली, अतुल बंसल, साहिल राजपाल, विनोद बिश्नोई, अभय कुमार, राकेश जिंदल और गौरव कुमार सहित मंडल के अन्य सेवादारों का विशेष सहयोग रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *