लुधियाना| चंडीगढ़ रोड पर शनिवार शाम 8 बजे से देर रात तक भीषण ट्रैफिक जाम लगा रहा। जैन पब्लिक स्कूल के पास कन्हैया मित्तल के धार्मिक कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की स्थिति इतनी गंभीर थी कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। ट्रैफिक ठप होने से एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए। लोगों का कहना है कि न तो पर्याप्त पुलिस बल तैनात था और न ही कोई प्रभावी डायवर्जन प्लान बनाया गया। प्रशासन से मांग की गई है कि भविष्य में बड़े आयोजनों के दौरान बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन किया जाए।


