अमृतसर| शहर के बी-ब्लॉक रेलवे कॉलोनी, भारती की बंबी, फोकल प्वाइंट, मजीठा रोड, भारत नगर, न्यू प्रीत नगर, लक्ष्मी विहार और गुरु गोबिंद सिंह नगर जैसे विभिन्न इलाकों में मां सरस्वती का प्राकट्य उत्सव मनाया गया। प्रवासी भलाई बोर्ड, पंजाब के पूर्व वाइस चेयरमैन राम भवन गोस्वामी ने बताया कि इस पावन अवसर पर समस्त भक्तों द्वारा मां का जागरण किया गया और अटूट लंगर लगाया गया, जिसमें धर्म जागरण मंच के जिला संयोजक अधिवक्ता अशोक भगत, संतोष सिंह गांधी और राजू सिंह ने मां के चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। गोस्वामी ने बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व ऋतुओं के राजा बसंत का आगमन है, जहां पंचतत्व सुहावने रूप में प्रकट होकर जनमानस में समानता का भाव जगाते हैं। उन्होंने मां सरस्वती को विद्या, बुद्धि और ज्ञान की अधिष्ठात्री बताते हुए कहा कि उनकी आराधना से व्यक्ति ज्ञानी और कुशाग्र बुद्धि बनता है। इस धार्मिक आयोजन में बब्बन ठाकुर, फलेंद्र सोनी, विश्वकर्मा, सुभाष, नागेंद्र गिरी, अर्जुन कुमार, राम बहादुर, लाल बाबू, कमलेश कुमार, रामेश्वर, राजेश कुमार, पंडित पाठक, रविंद्र कुमार और मुकेश कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।


