अमृतसर फ्रूट एंड वेजिटेबल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पूर्व सांसद श्वेत मलिक के नेतृत्व में डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह से मुलाकात कर सब्जी मंडी से जुड़ी गंभीर समस्याओं के समाधान की मांग की। इस दौरान उनके साथ एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंदर सिंह हनी, कंवलजीत सिंह, परमजीत सिंह और धर्मपाल शर्मा भी उपस्थित रहे। श्वेत मलिक ने डिप्टी कमिश्नर को बताया कि पंजाब की सबसे बड़ी सब्जी मंडी में आज तक चारदीवारी नहीं बनाई गई है और अधिकांश स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। इसके चलते व्यापारी जब सुबह करीब 4 बजे अपने घरों से मंडी पहुंचते हैं, तो उन्हें गुंडा तत्वों द्वारा लूट का शिकार बनाया जाता है। उन्होंने मंडी व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। श्वेत मलिक ने यह भी बताया कि मंडी में आने-जाने के रास्तों की हालत बेहद खराब है। टूटी सड़कों और ट्रैफिक मैनेजमेंट की कमी के कारण ट्रक घंटों जाम में फंसे रहते हैं, जिससे सब्जी और फल खराब हो जाते हैं और व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने डिप्टी कमिश्नर को अवगत कराया कि मंडी में फिलहाल सब्जी और फल बेचने के लिए केवल एक ही शेड उपलब्ध है। खुले में सब्जी बेचने की मजबूरी के कारण बारिश और तेज धूप में व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मंडी में कम से कम पांच नए शेड बनवाने की मांग की। डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने शिष्टमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए हरसंभव सहयोग और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।


