26 जनवरी को होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल शुक्रवार को गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित की गई। रिहर्सल के दौरान डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया। ध्वजारोहण के बाद परेड कमांडर पारस गर्ग की अगुवाई में पंजाब पुलिस के जवानों, महिला पलटून, पंजाब होमगार्ड और पंजाब पुलिस बैंड ने शानदार मार्च पास्ट किया। अनुशासन और तालमेल के साथ निकाली गई परेड को उपस्थित अधिकारियों और दर्शकों ने सराहा। इसके बाद विभिन्न स्कूलों के स्टूडेंट्स ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्टूडेंट्स ने कोरियोग्राफी, गिद्दा और भांगड़ा के माध्यम से देशप्रेम का संदेश दिया और समारोह में उत्साह भर दिया। डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला स्तरीय कार्यक्रम में पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। उन्होंने सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों से समारोह में समय पर उपस्थित रहने की अपील की। साथ ही जिले के नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गणतंत्र दिवस समारोह की शोभा बढ़ाएं। फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद डीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए निर्देश दिए।


