भास्कर न्यूज | कवर्धा पीजी कॉलेज कवर्धा के ऑडिटोरियम में मेरे सपनों का कवर्धा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहर की दिशा तय करने वाला जनसंवाद साबित हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की गई। पहला आम नागरिकों के लिए और दूसरा कक्षा 10वीं से ऊपर के स्कूली व महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए था। दोनों वर्गों से 500 से अधिक लेख प्राप्त हुए। इन लेखों में शहर के विकास, स्वच्छता, हरियाली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क सुरक्षा, यातायात, संस्कृति, परंपरा, आधुनिकता और नागरिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर गहन और व्यावहारिक सुझाव दिए गए। यह संख्या अपने आप में इस बात का प्रमाण है कि कवर्धा का समाज अपने शहर के भविष्य को लेकर गंभीर और जागरूक है। शहर के विकास में आम लोगों और युवाओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करने वाले नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि यह केवल पुरस्कार पाने की प्रतियोगिता नहीं है। यह कवर्धा की कार्ययोजना का बीज है। आज हम वादे नहीं बांट रहे, बल्कि दिशा तय कर रहे हैं। यह कवर्धा को आगे बढ़ाने का नया विजन है। हर लेख को गंभीरता से पढ़ा गया है। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों व शिक्षाविदों को मूल्यांकन की जिम्मेदारी दी गई थी। ताकि बेहतरीन सुझावों को सामने लाया जा सके। मेरे सपनों का कवर्धा के मंच पर स्कूली बच्चों ने छत्तीसगढ़ी के साथ अन्य विधाओं पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। इसमें बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा के साथ अपनी-अपनी प्रस्तुति देकर पुरस्कार हासिल किए। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल कवर्धा, द्वितीय पुरस्कार अशोका पब्लिक स्कूल और तृतीय पुरस्कार गुरुकुल पब्लिक स्कूल व रामकृष्ण पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं को दिया गया।


