कार से पीछा कर रास्ता रोका सवा करोड़ की फिरौती मांगी

दो आरोपी गिरफ्तार भीलवाड़ा | शहर की एक महिला ने दो युवकों पर कार से पीछा कर रास्ता रोक 2.50 करोड़ रुपए की अवैध मांग कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले को लेकर एसपी को परिवाद देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। पुलिस ने राहुल सोनी और किशन जीनगर को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। शहर के शास्त्रीनगर कॉलोनी निवासी मेघा रांका ने बताया कि 22 जनवरी की रात वह पति रजत के साथ एक मित्र के शादी समारोह से भोजन कर घर लौट रही थीं। रात करीब 11.15 बजे सिंधुनगर क्षेत्र में कार सवार आरोपियों राहुल सोनी और किशन जीनगर ने उनकी कार को तेज रफ्तार में कट मारा और अभद्र इशारे किए। पति ने पीछा किया तो आरोपियों ने कार आगे लगाकर रास्ता रोक लिया और गाली-गलौच करते हुए कहा कि यदि जान बचानी है तो सवा करोड़ रुपए दे दो, नहीं तो जान से खत्म कर देंगे। धमकी से दंपती डर गए और जान बचाने के लिए सीधे सिटी कोतवाली थाने के बाहर कार खड़ी कर दी, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। मेघा रांका ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी सिटी कोतवाली थाने में दो मामले दर्ज करवाए गए हैं, जिनकी जांच अभी चल रही है। पहले भी आरोपी राहुल सोनी के पिता द्वारा 40 लाख रुपए की मांग की गई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *