भीलवाड़ा| स्कूल से कुत्ते भगाने के आदेश के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की जिम्मेदारियों में एक और अध्याय जोड़ दिया है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी गुणवत्ता एवं नवाचार ने प्रदेशभर के सभी संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा को पत्र जारी कर पशु कल्याण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में आधुनिक पशुपालन के तरीकों के प्रति जागरूकता, पशुधन कल्याण को बढ़ावा देने और गतिविधियों में सुधार को उद्देश्य बताया है। स्कूलों में प्रार्थना सभा और अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में पशु प्रेम और संवेदनशीलता विकसित करने के लिए पशुपालन विभाग के सहयोग से पशु कल्याण कार्यक्रम चलेगा। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ऋषिन चौबीसा ने कहा कि पशु कल्याण जैसे विषय महत्वपूर्ण हैं। यह अभियान 13 फरवरी तक चलेगा।


