भास्कर न्यूज | जांजगीर जैजैपुर विकासखंड के ग्राम बेलादुला में शादी समारोह के दौरान शुक्रवार शाम लापरवाही से चल रहे डीजे लगे पिकअप वाहन ने दो मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा भी चोटिल हुआ है। ग्राम हरदीडीह निवासी कृष्णा देवी खूंटे ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी मौसी की ननद की शादी 22 जनवरी से ग्राम बेलादुला में चल रही थी। 23 जनवरी को हरदीयाही की रस्म के बाद उनके पति सुरेन्द्र खूंटे कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। वे बाइक से सरपंच के घर के पास पहुंचे ही थे, तभी ग्राम झालरौंदा की ओर से आ रहे बिना नंबर के डीजे पिकअप वाहन के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में सुरेन्द्र खूंटे के सिर, दाहिने हाथ और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान उसी डीजे वाहन ने ग्राम बेलादुला निवासी विजय सागर, पिता कन्हैया लाल सागर की बाइक को भी टक्कर मार दी, जिससे उसके दाहिने हाथ की कलाई और पीठ में चोट आई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है।


