जिला स्तरीय क्विज में मनीषा को पहला स्थान

भास्कर न्यूज | हसौद पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, चिस्दा में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती ‘पराक्रम दिवस’ और आगामी ‘परीक्षा पे चर्चा’ के 9वें संस्करण के अवसर पर जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता कराई गई। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘स्वदेशी’ रहा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, आत्मनिर्भरता और परीक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना था। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें पीएम श्री स्कूल डभरा और जैजैपुर, आत्मानंद स्कूल, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हसौद और संस्कार पब्लिक स्कूल जैजैपुर शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की बालिकाओं के देशभक्ति गीतों से हुई। इसके बाद रोहित शर्मा के तबला वादन और हितेंद्र निषाद की बांसुरी प्रस्तुति ने सभी को प्रभावित किया। संबोधन सत्र में अमर आहुजा ने परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंधन के उपाय बताए। एसके कश्यप ने नई शिक्षा नीति पर प्रकाश डालते हुए कौशल विकास की आवश्यकता बताई। केके पटेल ने प्रधानमंत्री की ‘परीक्षा पे चर्चा’ पहल को विद्यार्थियों के मानसिक दबाव को कम करने में उपयोगी बताया। प्रतियोगिता में मनीषा माली ने प्रथम, पायल मधुकर ने द्वितीय और मयंक देवांगन तथा कुनाक्षी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *