क्षेत्र के कोटड़ी ग्राम स्थित तेजाजी चौक में रविवार को लोक देवता श्री वीर तेजाजी महाराज की लीलण घोड़ी की मूर्ति स्थापना को लेकर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार रात्रि से ही तेजाजी चौक एवं आसपास का क्षेत्र भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। यह संपूर्ण महोत्सव महंत दीपक पुरी महाराज के सानिध्य में संपन्न हो रहा है। शनिवार रात्रि को आयोजित भजन संध्या में अलगोजा पार्टी ने लोक भजनों एवं धार्मिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में ध्वज दंड की स्थापना हेतु आयोजित बोली विशेष रही। श्रद्धा एवं उत्साह के वातावरण में चौधरी डिजिटल, भीलवाड़ा द्वारा ₹1,11,111 की सर्वोच्च बोली लगाकर ध्वज दंड स्थापना का सौभाग्य प्राप्त किया गया। रविवार को प्रातः 7:15 बजे श्री चारभुजा मंदिर से कलश यात्रा का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात प्रातः 8:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं पूर्णाहुति संपन्न होगी। दोपहर 12:15 बजे अभिजीत मुहूर्त में वीर तेजाजी महाराज की लीलण घोड़ी की मूर्ति स्थापना की जाएगी। वहीं दोपहर 12:15 बजे से सायं 4:00 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।


