जालूपुरा थाने का मामला:ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा…बेकाबू थार ने युवक को कुचला

जालूपुरा थाना इलाके में जयंती मार्केट चौराहे पर शनिवार दोपहर 12:29 बजे काले रंग की तेज रफ्तार थार ने पहले पैदल जा रहीं दो युवतियों को टक्कर मारी फिर बाइक सवार फूड डिलीवरी बॉय को चपेट में ले​ लिया। टक्कर के बाद डिलीवरी बॉय फैजान (20) थार के नीचे बुरी तरह से फंस गया, जिसकी बाद में एसएमएस अस्पताल में मौत हो गई। जबकि घायल कुलसुम और फातिमा का इलाज जारी है। घटना के बारे में जालूपुरा थानाधिकारी हवा सिंह ने बताया कि थार को सीकर के फतेहपुर निवासी मनीष ने सांगानेर से किराए पर ली थी। वह अपने दोस्त चिड़ावा निवासी अनुराग शर्मा के साथ जयंती मार्केट की तरफ जा रहा था। दोनों ही दिल्ली रोड स्थित एक निजी यूनिर्वसिटी में बी-टेक के छात्र हैं। एक्सीडेंट थाना (नॉर्थ) के हेड कांस्टेबल राजेन्द्र ने बताया कि मृतक की पहचान फैजान (20) के रूप में हुई है, जो सीकर के खंडेला का निवासी था और भट्टा बस्ती में किराए पर रहकर डिलिवरी बॉय का काम करता था। गंभीर रूप से घायल युवती कुलसुम (19) और फातिमा (20) रामगंज (जयपुर) की हैं, जो कॉलेज का फॉर्म भरकर पैदल घर लौट रही थीं। दोनों घायलों का इलाज एसएमएस अस्पताल में चल रहा है। सामने आती कार को देख बिगड़ा संतुलन
जूस की दुकान चलाने वाले मोनू ने बताया कि थार चालक ने ओवर टेक किया तो सामने से आ रही कार चालक ने ब्रेक लगा दिए। कार से बचने के चक्कर में मनीष ने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया जिससे हादसा हुआ। भास्कर इनसाइट- प्राइवेट नंबर की थार टैक्सी में चल रही थी, ओवरस्पीड का एक चालान पहले से भास्कर पड़ताल में सामने आया कि जिस थार से हादसा हुआ उसका नंबर प्राइवेट है, जबकि उसे टैक्सी में चलाया जा रहा है। थार (आरजे 60 सीई 6559) का ओवरस्पीड में एक चालान पहले ही है और एक हजार का जुर्माना है, जो पेंडिंग है। चालान 25 जुलाई 25 को हुआ था। फिटनेस-परमिट वाले ही चल सकते हैं टैक्सी में पॉलिसी के तहत कॉमर्शियल पंजीकरण वाले वाहनों को ही किराए पर देने की अनुमति है। इन वाहनों के लिए 5 साल की लाइसेंस वैधता अनिवार्य है। फिटनेस प्रमाण पत्र, पुलिस वेरिफिकेशन और 24×7 कंट्रोल रूम होना चाहिए। निजी वाहनों (व्हाइट नंबर प्लेट) को किराए पर देना प्रतिबंधित है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *