नर्मदापुरम में गौरव दिवस और जयंती आज:CM करेंगे ‘नर्मदालोक’ का भूमिपूजन; 2 क्विंटल वजनी त्रिशूल और नर्मदा प्रतिमा का होगा अनावरण

नर्मदापुरम में रविवार को मां नर्मदा जयंती और शहर का गौरव दिवस एक साथ मनाया जा रहा है। मुख्य कार्यक्रम सेठानी घाट पर जल मंच से होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान सीएम जल मंच से ‘नर्मदालोक कॉरिडोर’ का भूमिपूजन करेंगे और भोपाल चौराहे के सौंदर्यीकरण का लोकार्पण करेंगे। घाटों पर 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु स्नान और पूजन के लिए पहुंच रहे हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए 300 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। आज शहरवासियों को भोपाल चौराहे के सौंदर्यीकरण की सौगात मिलेगी। यहां रेड स्टोन की 7 फीट ऊंची छतरी पर हार्ड फाइबर से बनी मां नर्मदा की प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा के पास 9 फीट ऊंचा और 5 फीट चौड़ा स्टेनलेस स्टील का त्रिशूल लगाया गया है, जिसमें डमरू भी है। इसे 25 फीट की ऊंचाई पर खड़ा किया गया है। त्रिशूल का वजन लगभग 2 क्विंटल है और इसकी लागत करीब सवा लाख रुपए है। चौराहे को राजस्थानी धौलपुरी पत्थर से सजाया गया है और एक स्वागत दीवार भी बनाई गई है, जिस पर शहर का नाम उकेरा गया है। मछलियों के चारे का काम करेंगे आटे के दीपक पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए शाम को नर्मदा नदी में प्लास्टिक या डिस्पोजल के बजाय आटे और पत्तों से बने करीब 1 लाख दीपक छोड़े जाएंगे। ये आटे के दीपक मछलियों के लिए खाने का काम भी करेंगे। पिछले 8 दिनों से स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, जेल के कैदी, सामाजिक संगठन और दिव्यांग बच्चे इन दीपकों को तैयार कर रहे थे। शोभायात्रा, महाअभिषेक और सांस्कृतिक कार्यक्रम सुबह 11 बजे मां नर्मदा प्रकटोत्सव का कार्यक्रम नित्य आरती समिति और प्राचीन श्री नर्मदा मंदिर द्वारा आयोजित किया गया। दोपहर 3:30 बजे मां नर्मदा मंदिर से मोरछली चौक होते हुए सेठानी घाट तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 5:30 बजे जलमंच पर धर्माचार्य पंडित सोमेश परसाई महाअभिषेक कराएंगे। इसके बाद आतिशबाजी और दीपदान होगा। शाम 7:30 बजे भोपाल के फूल सिंह माडरे बुंदेली लोक गायन और रात 8:30 बजे मुंबई की माधवी मधुकर झा भक्ति गायन की प्रस्तुति देंगी। सतरंगी रोशनी से सजा सेठानी घाट उत्सव को लेकर सेठानी घाट समेत सभी घाटों की साफ-सफाई और रंग-रोगन किया गया है। घाट सतरंगी रोशनी (इंद्रधनुषी छटा) से जगमगा रहे हैं और प्रमुख चौराहों पर विद्युत सजावट की गई है। शनिवार को मंगलाचरण के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई थी। रविवार सुबह से ही नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल और भोपाल सहित अन्य जिलों से आए श्रद्धालुओं का स्नान-पूजन का सिलसिला जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *