झाबुआ के बामनिया रेलवे फाटक के पास हादसा:बाइक में लगी आग, ट्रैफिक रोका; बड़ा हादसा टला

झाबुआ जिले के बामनिया रेलवे स्टेशन के पास खवासा मार्ग स्थित रेलवे समपार पर शनिवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। रात करीब 11 बजे एक बाइक में अचानक आग लग गई, जिससे वह धू-धू कर जलने लगी। जिस समय बाइक में आग लगी, उस वक्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी थी। गनीमत रही कि आग की लपटें देखकर अन्य वाहन चालक समय रहते रुक गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के समय बाइक सवार मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे आग लगने के पीछे का रहस्य गहरा गया है। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास से पानी का इंतजाम कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए यातायात भी रोका गया था। चूंकि यह क्षेत्र बामनिया पुलिस थानांतर्गत आता है, रेलवे पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामला स्थानीय पुलिस को सौंप दिया है। बामनिया पुलिस अब बाइक के मालिक और आग लगने के वास्तविक कारण (शॉर्ट सर्किट या अन्य) की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *