शहर के उपरलापाडा क्षेत्र में शनिवार रात एक व्यापारी के साथ लूट की घटना सामने आई है।गोलप्याऊ चौराहे के पास स्थित स्वाति सेल्स के मालिक ओमप्रकाश बजाज दुकान बंद कर स्कूटी से अपने घर पहुंचे थे। घर के बाहर स्कूटी खड़ी करते समय बाइक पर सवार बदमाश वहां पहुंचे और उनकी आंखों में मिर्ची डाल दी। इसके बाद बदमाश व्यापारी के हाथ में मौजूद रुपयों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैग में करीब दो लाख रुपए थे। मकान के बाहर हुई वारदात बताया गया कि ओमप्रकाश बजाज जैसे ही अपने मकान के बाहर स्कूटी खड़ी कर रहे थे, उसी समय बाइक सवार बदमाशों ने यह वारदात की। अचानक हुई घटना से व्यापारी घबरा गए और आंखों में तेज जलन के कारण चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने व्यापारी को संभाला और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची सूचना मिलने पर डीएसपी बृजेश सिंह और कोतवाली थाना प्रभारी तुलसीराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और व्यापारी व आसपास मौजूद लोगों से जानकारी ली। इसके बाद बदमाशों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर रवाना की गईं। घायल व्यापारी ओमप्रकाश बजाज को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी आंखों का इलाज किया गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच पुलिस जांच के दौरान एक स्थान पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज सामने आए हैं। इन फुटेज में बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक नजर आए हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी थी और दुकान बंद करने के बाद उनका पीछा किया। रिपोर्ट दर्ज, जांच जारी इस मामले में व्यापारी के भतीजे गिरिराज पुत्र कृष्ण गोपाल बजाज की ओर से कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


