भास्कर न्यूज | हजारीबाग हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित गुड्स यार्ड को राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से जोड़ने वाली सड़क की हालत अत्यंत जर्जर हो चुकी है। यह सड़क अब आम लोगों के लिए सुविधा नहीं, बल्कि रोजमर्रा की बड़ी समस्या बन गई है। गुड्स यार्ड से अनाज उतारने और ढोने वाले भारी ट्रकों की लगातार आवाजाही ने सड़क को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रतिदिन दर्जनों ट्रक अनाज लेकर इसी मार्ग से गुजरते हैं। सड़क की हालत इतनी खराब है कि ट्रक भी हिचकुले खाते हुए आगे बढ़ते नजर आते हैं। पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और एक इंच भी हिस्सा ऐसा नहीं बचा है जिसे सही-सलामत कहा जा सके। जैसे ही कोई ट्रक इस मार्ग से गुजरता है, आसपास का पूरा इलाका धूल के गुबार में डूब जाता है। गुड्स यार्ड सड़क के संबंध में जांच करवा लेती हूं : डीडीसी गुड्स यार्ड सड़क के संबंध में उप विकास आयुक्त रिया सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। मैं इस संबंध में जांच करवा लेती हूं। संबंधित विभाग से बात कर जल्द ही सड़क बनाने का काम किया जाएगा। नगर निगम से भी इस संबंध में बात किया जाएगा। जांच टीम रेलवे विभाग से भी संपर्क करेगी। लोगों को जल्द राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने कहा- धूल डेढ़ से दो किलोमीटर तक फैलता है ग्रामीणों का कहना है कि सड़क से उड़ने वाली धूल का असर डेढ़ से दो किलोमीटर तक के क्षेत्र में फैल जाता है। स्थिति यह है कि घरों की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने के बावजूद भी धूल घरों के भीतर घुस जाती है। इससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी कूद गांव की महिला कौशल्या देवी ने बताया कि इस क्षेत्र में रहना किसी नरकीय स्थिति से कम नहीं है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए हालात और भी गंभीर हो जाएगी। समय रहते लोगों को धूल मिट्टी से राहत नहीं मिली तो लोग बीमार पड़ना शुरू कर देंगे जिसमें वृद्धों की हालत और खराब हो जाएगी। लोगों का जीवन दुर्लभ हो गया है और रोजमर्रा का सामान्य जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।


