इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र में शनिवार रात एक युवती स्कूटर सहित सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद वह काफी देर तक वहीं बेसुध पड़ी रही। राहगीरों की नजर पड़ने पर उसे बाहर निकाला गया, जबकि बाद में स्कूटर को भी गड्ढे से बाहर निकाला गया। घटना स्कीम नंबर-51 स्थित कचरा स्टेशन के पास की है। बताया जा रहा है कि युवती स्कूटर से गुजर रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने से वह सीधे गड्ढे में गिर गई। यह गड्ढा सड़क निर्माण के दौरान ड्रेनेज लाइन डालने के लिए खोदा गया था, जिसे ठीक से बंद नहीं किया गया। घायल युवती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर रात में पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेड्स लगाए गए। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इलाके में भारी अंधेरा रहता है और सड़क निर्माण के कारण मार्ग काफी संकरा हो गया है। इसी वजह से यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। रहवासियों ने रात में अधिकारियों को भी फोन लगाए, लेकिन कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा।


