भरतपुर जिले के सीकरी थाना के झांतली गांव में शनिवार शाम नाबालिग बेटी से अभद्रता करने पर विरोध करने वाली मां की हत्या कर दी।
झांतली गांव निवासी साबिर अली की पत्नी खुर्शीदन शनिवार शाम करीब छह बजे अपने घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी से पड़ौसी युवक ने अभद्र भाषा में बात की। बच्ची की मां खुर्शीदन ने गलत भाषा में बात करने का विरोध किया तो आपस में तनाव बढ़ गया। इसके बाद गांव के ही सलमान, शाहरुख, तारीफ और तौफीक सहित करीब 8 से 10 लोग मौके पर पहुंचे और परिवार पर पथराव शुरू कर दिया।
हमले के दौरान खुर्शीदन के पति साबिर अली जब अपनी पत्नी को बचाने आगे आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने खुर्शीदन के गले में चुन्नी डालकर उसे काफी दूर तक घसीट ले गए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तुरंत सीकरी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर अलवर रैफर कर दिया गया। अलवर में उपचार के दौरान डॉक्टर ने खुर्शीदन को मृत घोषित कर दिया।
मृतका के चार छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मृतका के पति साबिर अली की रिपोर्ट पर सीकरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


