रीवा में इन दिनों जहरीली शराब का कारोबार चल रहा है। पुलिस ने शनिवार को 10 लीटर यूरिया युक्त जहरीली शराब बरामद की है। सीएसपी शिवाली चतुर्वेदी ने बताया कि आज मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि राज साकेत नाम का युवक यूरिया वाली देसी महुआ की जहरीली शराब बिक्री करने की फिराक में घूम रहा है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के बाद पुलिस टीम को अलर्ट किया गया, जहां रेड कार्रवाई के लिए टीम भेजी गई। दबिश देकर राज साकेत को पकड़कर पुलिस अभिरक्षा मे लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राज साकेत पिता स्व शंकर साकेत उम्र 20 वर्ष निवासी धोबिया टंकी वार्ड क्रमांक 28 थाना कोतवाली का रहने वाला है। जिसके खिलाफ पहले भी अवैध शराब की पैकारी के मामले पंजीबद्ध हैं। आरोपी को जेल भेजा
आरोपी के कब्जे से 5-5 लीटर के प्लास्टिक के 2 डिब्बों में कुल 10 लीटर यूरिया युक्त देसी महुआ हाथ भट्टी से बनी जहरीली शराब को जब्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 49 ए आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। जहां से आरोपी को जेल भेजा दिया गया है। ‘आबकारी विभाग पूरी तरह से विफल’
पूरे मामले में अधिवक्ता बीके माला का कहना है कि क्षेत्र में लगातार अवैध शराब की पैकारी चल रही है। लेकिन आबकारी विभाग पूरी तरह से विफल है। पुलिस शराब पकड़ रही है लेकिन आबकारी विभाग क्या कर रहा है। समय से शराब दुकान बंद हो रही है या नहीं, इसका जायजा कौन लेगा। इलाके में जहरीली शराब बनाई जा रही है। आरोपियों को संरक्षण देने का काम किया जा रहा है।


