बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने 25 जनवरी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। बैठक सुबह 12 बजे पटना के होटल मौर्या में होगी। इस बैठक में लालू यादव और राबड़ी देवी भी शामिल होंगी। चुनाव के बाद राजद की ये पहली बड़ी रणनीतिक बैठक है, जिसमें भविष्य की दिशा तय की जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर फैसला लिया जा सकता है। लिहाजा ये बैठक अहम है। रोहिणी ने लिखा- लालूवाद को तहस-नहस किया जा रहा इधर, बैठक से पहले रोहिणी ने X पर लिखा, जिसे सही मायने में लालू यादव कि विचारधारा को आगे ले जाने की परवाह होगी, वह जरूर पार्टी की मौजूदा स्थिति को लेकर जिम्मेवार लोगों से सवाल करेगा। वर्त्तमान की कड़वी , चिंताजनक एवं दुःखद सच्चाई यही है कि आज जनता के हक -हकूक की लड़ाई लड़ने के लिए जानी जाने वाली, जन-जन की पार्टी की असली कमान फासीवादी विरोधियों के द्वारा भेजे गए वैसे घुसपैठियों-साजिशकर्ताओं के हाथों में है , जिन्हें लालूवाद को तहस -नहस करने के टास्क के साथ भेजा गया है। कब्जा जमाए बैठे ऐसे लोग अपने गंदे मकसद में काफी हद तक सफल होते भी दिखते हैं। नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाल रहे को सवालों से भागने,सवालों से बचने,जवाब देने से मुंह चुराने, जवाब देने की बजाए भ्रम फैलाने, लालूवाद और पार्टी की हित की बात करने वालों के साथ दुर्व्यवहार, अभद्र आचरण, अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने की बजाए अपने गिरेबान में झांकना होगा और अगर “वो” चुप्पी साधता है, तो उस पर साजिश करने वाले गिरोह के साथ मिलीभगत का दोष और आरोप खुद ही साबित होता है .. 27 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भाग बैठक में भाग लेंगे लालू प्रसाद यादव की बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को देखते हुए संगठन की कमान युवा नेतृत्व को सौंपने की तैयारी मानी जा रही है। हालांकि अभी तक इसकी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। आरजेडी की बैठक में देश के 27 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भाग लेने के लिए पटना आए हुए हैं। इनके अलावा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हिस्सा लेंगे। इसमें 200 से अधिक डेलिगेट्स भाग ले रहे हैं। बाहर से आए नेताओं को होटल मौर्या में ठहराया गया है। पहले से अहम फैसले ले रहे हैं तेजस्वी भले ही पद की आधिकारिक घोषणा न हुई हो, लेकिन तेजस्वी यादव पहले से ही पार्टी के अधिकतर महत्वपूर्ण निर्णय ले रहे हैं। संगठनात्मक मामलों से लेकर राजनीतिक रणनीति तक उनकी भूमिका लगातार मजबूत होती जा रही है। पार्टी के भीतर भी उन्हें भविष्य के नेता के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम करने वाले नेताओं पर कार्रवाई को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हो सकती है। कार्यकारिणी की बैठक में इस मुद्दे पर ठोस और सख्त निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है। RJD की कार्यकारिणी बैठक से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…


